शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करें, कोई भी बच्चा स्कूल से बाहर न रहे: डीपीसी दफेदार सिंह
खनियाधाना
शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करें, कोई भी बच्चा स्कूल से बाहर न रहे: डीपीसी दफेदार सिंह
खनियाधाना में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक, नामांकन से लेकर शैक्षणिक गुणवत्ता तक दिए अहम निर्देश
खनियाधाना। नए शिक्षा सत्र में हर पात्र बच्चे का विद्यालय में प्रवेश सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को जनपद पंचायत सभागार खनियाधाना में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) दफेदार सिंह ने अधिकारियों, प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों को निर्देश दिए कि क्षेत्र का कोई भी बच्चा विद्यालय में प्रवेश से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का संवैधानिक अधिकार है और इसे सुनिश्चित करना शिक्षा विभाग की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।
बैठक में बीआरसी संजय भदोरिया, समस्त बीएसी, जन शिक्षक, प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापक तथा अशासकीय विद्यालयों के संचालक उपस्थित रहे। डीपीसी ने वार्ड एवं ग्राम स्तर पर विशेष अभियान चलाकर शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विद्यालयों में समय पर प्रार्थना, आज का शुभ विचार, बाल कैबिनेट का गठन तथा सभी शैक्षणिक गतिविधियों के नियमित संचालन पर विशेष जोर दिया। साथ ही विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने के लिए ओलंपियाड, एनएमएमएस और नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा की तैयारी अभी से शुरू कराने, प्रतिदिन श्रुतलेख एवं सुलेख का अभ्यास कराने, कॉपियों का समय पर मूल्यांकन और नियमित फेयर कार्य कराने के निर्देश दिए।
बैठक में अपार आईडी, नामांकन, यू-डाइस प्रोग्रेशन, चाइल्ड ट्रैकिंग और साक्षर भारत अभियान की भी विस्तृत समीक्षा की गई। डीपीसी ने स्टॉक पंजी, संपर्क पंजी सहित सभी अभिलेखों का नियमित संधारण करने, अभिभावकों से लगातार संपर्क बनाए रखने तथा अनुपस्थित विद्यार्थियों को पुनः विद्यालय से जोड़ने पर विशेष बल दिया।
मध्याह्न भोजन योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी विद्यालयों में निर्धारित समय पर स्वच्छ, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने तथा भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में डीपीसी दफेदार सिंह ने विकासखंड में किए जा रहे शैक्षणिक नवाचारों और प्रभावी मॉनिटरिंग की सराहना करते हुए सभी शिक्षकों एवं अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने और प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने का आह्वान किया।
ब्यूरो न्यूज़ शिवपुरी
राहुल कुमार यादव 
