गांव-गांव पहुंच रहे विधायक प्रीतम लोधी, बोले- पिछोर के बच्चों को अब शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा
पिछोर शिवपुरी
पिछोर। “आपका विधायक आपके द्वार” जनसंपर्क अभियान के तहत विधायक प्रीतम सिंह लोधी लगातार ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। बुधवार को उन्होंने खनियाधाना जनपद की ग्राम पंचायत रही, बनोटा, पीपलखेड़ा, मायापुर और पुरा सहित कई गांवों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनीं और विकास कार्यों की जानकारी दी।
भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण विधायक के स्वागत के लिए पहुंचे। जनसंपर्क के दौरान लोगों ने सड़क, पानी, शिक्षा और अन्य स्थानीय समस्याओं से विधायक को अवगत कराया, जिनके निराकरण का आश्वासन दिया गया। विधायक ने कहा कि उनका लक्ष्य पिछोर विधानसभा क्षेत्र को विकास के मामले में प्रदेश के अग्रणी क्षेत्रों में शामिल करना है और इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में विधानसभा क्षेत्र की अधिकांश पंचायतों में सड़क निर्माण, पेयजल व्यवस्था, प्रतीक्षालय निर्माण, स्कूलों और पंचायत भवनों में बाउंड्रीवाल जैसी सुविधाओं का विस्तार किया गया है। कई गांवों में रैन बसेरा सहित अन्य जनहितैषी कार्य भी कराए गए हैं।
विधायक प्रीतम लोधी ने शिक्षा को अपनी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि पहले क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और बेहतर अध्ययन सुविधाओं के लिए बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था, लेकिन अब स्थिति तेजी से बदल रही है। उन्होंने बताया कि पिछोर में केंद्रीय विद्यालय की स्वीकृति मिल चुकी है और आगामी शैक्षणिक सत्र से यहां कक्षाएं शुरू होने की संभावना है। इससे क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेगी।
जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान विधायक ने पिछोर को जिला बनाए जाने की मांग को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र की सबसे बड़ी आवश्यकता है और इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से क्षेत्र के विकास और जिला निर्माण की मांग को मजबूत करने के लिए एकजुट रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न ग्रामों के जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। विधायक ने कहा कि जनता का स्नेह और सहयोग ही उन्हें क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।
ब्यूरो न्यूज़ शिवपुरी राहुल कुमार यादव